श्रावस्ती। कोरोना वायरस से सुरक्षा व बचाव के साथ साथ जिले में अपराधियों की धर पकड़, अबैध शराब बनाने व बेचने वालों के विरुद्ध एसपी के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के क्रम में जिला पुलिस ने गुरुवार रात छापा मारकर दस लोगों को गिरफ्तार किया। जिनके विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक अनूप सिंह के निर्देश पर भिनगा कोतवाली पुलिस ने गोडियनपुरवा में छापा मार कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवक शैफू गोडिया के कब्जे से पुलिस ने दस लीटर कच्ची शराब बरामद की। जिसके विरुद्ध पुलिस ने आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज किया। वहीं जिला पुलिस ने गुरुवार रात गश्त के दौरान 09 लोगों को गिरफ्तार किया। जिनके विरुद्ध शांतिभंग करने के आरोप में कार्रवाई की गई। जिन्हें शुक्रवार को संबंधित एसडीएम के समक्ष पेश किया गया।
वहीं जिला पुलिस ने संदिग्ध वाहनों के विरुद्ध जांच अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने 49 वाहनों की जांच कर 11 वाहनों का ई चालान किया। इस दौरान पुलिस ने 19900 रुपये शमन शुल्क भी वसूल किया। वहीं क्षेत्राधिकारी भिनगा हौसला प्रसाद व इकौना तारकेश्वर पांडे के नेतृत्व में सभी थाना, चौकी प्रभारियों द्वारा कस्बा क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पैदल गश्त की गई। इस दौरान पुलिस ने व्यापारियों व आमजन से बातचीत कर सुरक्षा का एहसास दिलाया।