इकौना (श्रावस्ती)। बौद्ध परिपथ पर इकौना के निकट सोमवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इसमें भाई के तिलक समारोह में शामिल कराने के लिए बहन को विदा कराने टंडवा महंत जा रहा किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे ट्रॉमा सेंटर बहराइच रेफर किया गया। जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
नवीन माॅडर्न थाना कटरा के ग्राम मरवटिया गोपालपुर निवासी सुमित कुमार (16) के बड़े भाई का तिलक होने वाला था। इसमें शामिल कराने के लिए सुमित सोमवार को मोटरसाइकिल से अपनी बहन को विदा कराने इकौना थाना क्षेत्र के ग्राम टंडवा महंत जा रहा था। उसने हेलमेट नहीं पहन रखा था। जैसे ही वह लोहरनपुरवा के निकट पहुंचा तभी सामने से आ रही मोटरसाइकिल से भिड़ंत हो गई। जिसमेंं दोनों चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक इकौना संतोष कुमार तिवारी ने एंबुलेंस से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को ट्राॅमा सेंटर बहराइच रेफर कर दिया। जहां मंगलवार को इलाज के दौरान सुमित की मौत हो गई। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मच गया है। संवाद