गिलौला (श्रावस्ती)। रायपुर बिलेला के मजरा रहमुनिया में रविवार सुबह बोर्ड में मोबाइल चार्जर लगाते समय किशोरी करंट की चपेट में आ गई। इससे पहले कि परिजन उसे अस्पताल ले जाते उसकी मौत हो गई। परिवार के लोगों ने गिलौला पुलिस को घटना की सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
गिलौला क्षेत्र के ग्राम रायपुर बिलेला के मजरा रहमुनिया निवासी भगई यादव मौजूदा समय परदेस में रहकर मजदूरी करते हैं। रविवार को उनकी पुत्री बिंदू यादव (14) सुबह करीब छह बजे मोबाइल चार्ज करने के लिए बोर्ड में चार्जर लगा रही थी। इस दौरान मोबाइल चार्ज नहीं हुआ तो वह बोर्ड और चार्जर में छेड़छाड़ करने लगी। इसी बीच वह बिजली की चपेट में आ गई। इससे उसकी मौत हो गई। पुत्री को जमीन पर गिरा देख मां ने चीख पुकार शुरू कर दी। इसे सुनकर पहुंचे पड़ोसी जब तक एंबुलेंस बुलाकर उसे अस्पताल ले जाने का प्रयास करते उसकी मौत हो गई। परिवार के लोगों ने गिलौला पुलिस को घटना की सूचना दिए बगैर ग्रामीणों के सहयोग से शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इस बारे में थानाध्यक्ष जयहरि मिश्रा का कहना है कि उन्हें घटना की कोई जानकारी नहीं है। हल्का दरोगा को भेजकर जांच करवाई जाएगी।