तुलसीपुर/सिरसिया (श्रावस्ती)। बदला नानपारा मार्ग पर शनिवार देर शाम वनरोज से तेज रफ्तार बाइक टकराकर पलट गई। घटना में बकरीद का त्योहार मनाने हरदत्त नगर गिरंट क्षेत्र के पिरबितनी ससुराल आ रहे युवक की मौत हो गई। वहीं घटना में पत्नी व भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
सिरसिया क्षेत्र के ग्राम बढ़ई पुरवा निवासी दिलशाद (26) पुत्र इदरीस का विवाह दो वर्ष पूर्व हरदत्त नगर गिरंट क्षेत्र के पिरबितनी गांव निवास तयबा (23) से हुआ था। शादी के कुछ माह बाद दिलशाद गुजरात के राजकोट में मजदूरी करने चले गए थे। एक सप्ताह पूर्व दिलशाद बकरीद का त्योहार मनाने घर लौटे थे। शनिवार को दिलशाद पत्नी तयबा व छोटे भाई शहबाज (10) के साथ बकरीद का त्योहार मनाने बाइक से अपनी ससुराल पिरबितनी गांव निवासी ऐजाज के घर जा रहे थे। दिलशाद जैसे ही बाइक लेकर बदला नानपारा मार्ग स्थित बहराइच के मटेरा क्षेत्र अंतर्गत कलपीपारा के पास पहुंचे, तभी सड़क पार कर रहे वनरोज से बाइक की भिड़ंत हो गई। घटना में तीनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल बहराइच भेजवाया। बहराइच ले जाते समय दिलशाद की मौत हो गई। दिलशाद की मौत की सूचना के बाद जहां परिवार की खुशियां कफूर हो गइ्रं। वहीं रविवार को शव गांव पहुंचने पर दोनों ही परिवारों में कोहराम मच गया।