किशोरी को टक्कर मारने वाली बाइक।- संवाद
तुलसीपुर। सड़क हादसों में किशोरी व युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। तीन में से सिर्फ दो बाइक सवारों ने हेलमेट लगाया था।
जनपद बहराइच के नवाबगंज क्षेत्र के फुटहा गांव निवासी अयोध्या प्रसाद (32) व गुलरा निवासी राज (30) बृहस्पतिवार रात बरात में शामिल होने बाइक से सोनवा क्षेत्र के चिचड़ी जा रहे थे। जमुनहा-बहराइच मार्ग पर हरदत्त नगर गिरंट क्षेत्र में खनवापुर के पास सड़क पार कर रही खनवापुर निवासी शिल्पा (13) से उनकी टक्कर हो गई।
हादसे में गंभीर रूप से घायल शिल्पा को परिजनों ने निजी वाहन से मेडिकल कॉलेज बहराइच पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। अयोध्या प्रसाद व राज का इलाज निजी चिकित्सक के यहां करवाया जा रहा है। ये दोनों लोग हेलमेट लगाए थे।
वहीं, सोनवा क्षेत्र के धुमबोझी निवासी सद्दाम (35) बुधवार शाम बाइक से बरदेहरा मोड़ गए थे। वहां से देर शाम घर लौटते समय बरदेहरा-नानपारा मार्ग पर धुमबोझी गांव के पास वह छुट्टा मवेशी से टकराकर घायल हो गए।
परिजनों ने निजी वाहन से उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। रास्ते में ही सद्दाम की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के लिए उनके बड़े भाई नबुव्वत अली ने सोनवा थाने में तहरीर दी है। राहगीरों ने बताया कि सद्दाम ने हेलमेट नहीं लगाया था।