भकला पुल के निकट भिनगा-बहराइच फोरलेन मार्ग जाम करते परिजन। - संवाद
श्रावस्ती। राप्ती नदी में डूबे किशोरों का सुराग न मिलने से नाराज परिजनों ने शुक्रवार दोपहर भिनगा-बहराइच फोरलेन मार्ग जाम कर दिया। उन्होंने प्रशासन पर किशोरों को ढूंढने में लापरवाही का आरोप लगाया। इस दौरान सैकड़ों वाहन चिलचिलाती धूप में फंसे रहे और उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।
गिलौला थाना क्षेत्र के घोरमा परसिया कॉलोनी निवासी पप्पू जायसवाल के घर शादी में राहुल (16), प्रेम प्रकाश (16) और विनय कुमार (22) आए थे। बृहस्पतिवार दोपहर वे अपने रिश्तेदार अभिषेक (15) व अवि (16) के साथ सब्जी खरीदने गए थे। भकला पुल स्थित सब्जी की दुकान से लौटते समय पांचों ने राप्ती नदी में नहाने का फैसला किया।
झुनझुनिया घाट पर नदी की तेज धारा में वे डूबने लगे। राहुल, अभिषेक और विनय किसी तरह बच निकले। हालांकि, प्रेम प्रकाश और अवि नदी की तेज धारा में लापता हो गए। एसडीआरएफ, पीएसी बाढ़ और स्थानीय गोताखोरों की टीम उन्हें ढूंढने में लगी है।
शुक्रवार को किशोरों का कोई सुराग न मिलने पर आक्रोशित परिजन सड़क पर उतर आए और नारेबाजी करने लगे। सूचना मिलने पर एसडीएम भिनगा आशीष भारद्वाज और नायब तहसीलदार शुभम तिवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाकर करीब आधे घंटे बाद जाम खुलवाया।