श्रावस्ती। गिलौला क्षेत्र की शिक्षिका के साथ मारपीट व अभद्रता के आरोपियों की गिरफ्तारी तथा शिक्षिका पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग पर शुक्रवार बीआरसी कार्यालय पर शिक्षक संगठनों की आपात बैठक हुई। जिसमें रविवार तक आरोपियों की गिरफ्तारी तथा शिक्षिका पर दर्ज मुकदमे वापस न होने पर सोमवार से शिक्षकों ने भिनगा में धरना-प्रदर्शन व चक्काजाम करने की चेतावनी दी है। मामले में डीएम को एक ज्ञापन भी सौंपा गया है।
जिले के विभिन्न शिक्षक संगठनों की एक आपात बैठक शुक्रवार को बीआरसी कार्यालय में हुई। जिसमें मौजूद शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने गिलौला क्षेत्र की सहायक शिक्षिका के साथ सात दिसंबर को हुई मारपीट, छेड़छाड़ व अभद्रता के आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई। पुलिस द्वारा शिक्षिका पर दर्ज दलित उत्पीड़न सहित अन्य धाराओं के मुकदमे वापस लेने की मांग की गई। इसके समर्थन में शिक्षक संगठनों द्वारा जिलाधिकारी टीके शिबु को एक ज्ञापन भी सौंपा गया है। जिसमें शिक्षकों ने चेतावनी दी कि अगर रविवार 13 दिसंबर तक आरोपियों की गिरफ्तारी और शिक्षिका पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं हुए तो सोमवार से पुलिस अधीक्षक आवास पर धरना-प्रदर्शन करने व चक्का जाम करेंगे। इस दौरान अनूप श्रीवास्तव, अंकित श्रीवास्तव, डॉ. वीके गौरव व आशुतोष आजाद सहित कई शिक्षक मौजूद रहे।