अभिभवकों को बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करते शिक्षक। -संवाद
श्रावस्ती। शिक्षा की अलख जगाने के लिए परिषदीय व माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं। विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने के लिए शिक्षक घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क कर रहे हैं।
शिक्षा विभाग की ओर से विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कहीं स्कूल चलो अभियान तो कहीं घर-घर संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। राजकीय विद्यालयों के शिक्षक घर-घर जाकर अभिभावकों को बच्चों का नामांकन कराने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
राजकीय हाईस्कूल भचकाही की शिक्षिका मंजू देवी व उदीक्षा देवी ने भचकाही गांव में अभिभावकों से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा हर बच्चे का मौलिक अधिकार है। अभिभावकों की जिम्मेदारी है कि वे अपने बच्चों का नामांकन कराने के साथ ही उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भी भेजें।
राजकीय हाईस्कूल पिपरहवा की शिक्षिका अनामिका गौतम ने अन्य शिक्षकों के साथ क्षेत्र में अभिभावकों से संपर्क किया। इसी तरह अन्य विद्यालयों के शिक्षक भी अपने-अपने क्षेत्र के अभिभावकों को जागरूक कर रहे हैं। जिला समन्वयक माध्यमिक डॉ. विनोद गुप्ता ने बताया कि घर-घर संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत शिक्षक अभिभावकों को जागरूक कर रहे हैं।