कटरा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) श्रावस्ती में तीन दिवसीय मानवीय एवं संवैधानिक मूल्यों पर आधारित प्रशिक्षण का आयोजन किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दूसरे दिन मंगलवार को शिक्षकों को मानवीय मूल्यों के महत्व बताए गए।
प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में डायट प्राचार्य संतोष कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षकों में मानवीय मूल्यों का विकास हो सके, इसीलिए यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। सभी प्रशिक्षुओं को चाहिए कि इस दौरान बताई गई बातों को अपने जीवन में उतारें।
उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य विद्यार्थियों में संवेदनशीलता, समानता, भाईचारा, जिम्मेदारी, ईमानदारी व अनुशासन जैसे मूल्यों का विकास करना है। जब शिक्षक इन मूल्यों पर अमल करेंगे, तभी छात्र भी इन मूल्यों को बेहतर ढंग से अपना सकेंगे।
संदर्भदाता दिव्य प्रताप ने प्रतिभागियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही उन्होंने विद्यालयीय जीवन में नैतिक मूल्यों के समावेश के विविध उपायों के बारे में भी बताया।
इस मौके पर प्रशिक्षक जितेंद्र कुमार, विनीत कुमार सिंह, रेनू यादव, गिरीश प्रसाद मिश्रा, ओमप्रकाश यादव, धर्मेंद्र कुमार, पुंडरीक पांडेय, विनीता जायसवाल व अभिषेक कुमार आदि मौजूद रहे।