श्रावस्ती। मधवापुर मार्ग का शनिवार को डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने एसपी घनश्याम चौरसिया के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़क को तत्काल दुरूस्त कराने का निर्देश दिया।
मल्हीपुर-भंगहा मार्ग स्थित मधवापुर के निकट विगत वर्ष आई बाढ़ में सड़क कट गई थी। लोगों की मुश्किलों को देखते हुए विभाग की ओर से सड़क पर मिट्टी व गिट्टी डाल कर आवागमन तो बहाल करा दिया गका लेकिन अब तक सड़क का निर्माण नहीं हुआ। ऐसे में बरसात के कारण जहां सड़क पर कीचड़ की समस्या उत्पन्न हो रही है वहीं चिलचिलाती धूप में उड़ने वाली धूल लोगों को परेशान कर रही है।
क्षेत्रवासियों की समस्या को देखते हुए डीएम व एसपी ने मधवापुर घाट के पास क्षतिग्रस्त सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़क को तत्काल दुरुस्त कराने के लिए ठोस उपाय करने व मार्ग के दोनों तरफ अतिरिक्त मिट्टी की पटाई कराने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही सड़क को संभावित बाढ़ के दौरान कटने से बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाने को भी कहा। डीएम ने एसडीएम जमुनहा प्रवीण यादव को सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कराकर उसकी निगरानी करते रहने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग केपी मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।