श्रावस्ती। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से विद्यालय भवनों का कायाकल्प कराया जा रहा है। जर्जर भवन को ध्वस्त कर नए भवन का निर्माण कराया जा रहा है। इसके तहत जिले के 54 विद्यालयों को जर्जर घोषित कर नौ करोड़ 35 लाख 28 हजार रुपये की लागत से उनका पुनर्निर्माण कराया गया है।
जान जोखिम में डालकर विद्यालय के जर्जर भवन में बैठने के लिए मजबूर छात्रों को शीघ्र ही इस समस्या से मुक्ति मिल जाएगी। पिछले दिनों बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से 54 जर्जर भवनों को चिह्नित किया गया था। इनके पुनर्निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था के रूप में ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को चयनित किया गया।
जर्जर भवनों को ध्वस्त कराकर पुनर्निर्माण करा दिया गया, लेकिन 54 के सापेक्ष अब तक मात्र 40 विद्यालयों के भवनों को ही विभाग को हैंडओवर किया जा सका है, शेष 14 भवनों का अभी सत्यापन कराया जा रहा है।
नौ उच्च प्राथमिक विद्यालयों के भवन को ध्वस्त कराया गया है, प्रति विद्यालय 28 लाख 22 हजार की लागत से निर्माण कराया गया है। 45 प्राथमिक विद्यालयों का 15 लाख 14 हजार रुपये प्रति विद्यालय की लागत से निर्माण कराया गया है।
शीघ्र पूरा होगा सत्यापन
शासन की ओर से संबंधित विभागों के अधिकारियों की टीम का गठन कर शेष विद्यालयों का सत्यापन कराया जा रहा है। सत्यापन कार्य पूरा होने के बाद ही इनके हैंडओवर की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
-अजय कुमार गुप्ता, बीएसए