श्रावस्ती। कोरोना संक्रमण की तेज होती दूसरी लहर से निपटने को एकजुट प्रयास जरूरी है। इसके तहत संक्रमण का प्रसार रोकने को कोविड प्रोटोकाल का पालन पूरी सख्ती से करना होगा। रोकथाम को जिम्मेदार अधिकारी पुलिस के साथ मिलकर मास्क न पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई के घेरे में लाए। यह निर्देश जिलाधिकारी टीके शीबु ने दिया। वह गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कोविड की रोकथाम को लेकर आयोजित एक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सामाजिक दूरी अपनाकर और अनिवार्य रूप से मास्क पहनकर इस गंभीर बीमारी के संक्रमण से खुद के साथ दूसरों को भी बचाया जा सकता है। निर्देश दिया कि इसकी रोकथाम को कांटेक्ट ट्रेसिंग और प्रभावी बना कर संक्रमित के संपर्क में आए लोगों की जांच की जाए। इस दौरान मरीज की बैकग्राउंड हिस्ट्री, भ्रमण विवरण की जानकारी, वह कहां गया, किसके संपर्क में रहा आदि की जानकारी भी पेशेंट की रिपोर्ट में शामिल की जाए। कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आने वाले सभी लोगों की आरटीपीसीआर जांच अवश्य करायी जाए। इसके साथ ही जिले में गठित निगरानी समितियां अपने क्षेत्रों में 45 वर्ष से लेकर 59 वर्ष के ऐसे लोग जो गंभीर बीमारी, रोगो से पीड़ित है एवं 60 साल तक के सभी लोगों को जागरूक कर शत प्रतिशत कोविड 19 का टीकाकरण कराया जाए।
कोरोना संक्रमण के 12 एक्टिव केस
बैठक में मौजूद सीएमओ डॉ. एपी भार्गव ने बताया कि 24 मार्च तक जिले में आरटीपीसीआर द्वारा 116409, एन्टीजेन टेस्ट किट द्वारा 143368 तथा ट्रूनेट मशीन द्वारा कुल 1127 जांचें कराई जा चुकी हैं। जिले में अब तक 1378 पॉजिटिव केस मिले। इनमें से 1348 मरीज स्वस्थ हुए है, 18 मरीजों की मृत्यु हुई है। वर्तमान में 12 एक्टिव केस है। जिनमें भंगहा एल-1 में 1, बहराइच एल-2 में 3, बलरामपुर एल-2 में 3, गोंडा एल-2 में 4 तथा लखनऊ एल-3 में 1 मरीज भर्ती हैं।