कटरा में आयोजित रामलीला में मंचन करते कलाकार।-
कटरा। श्रीराम जानकी मंदिर परिसर में आयोजित रामलीला का सोमवार को समापन हो गया। अंतिम दिन कलाकारों ने श्रीराम-भरत मिलन और भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक का भावपूर्ण मंचन किया। प्रसंगों को देखकर दर्शक भावविभोर हो उठे।
मंचन के दौरान भरत भगवान श्रीराम की खड़ाऊं लेकर उनके आगमन की प्रतीक्षा कर रहे थे। इसी बीच नगर भ्रमण करते हुए प्रभु श्रीराम की शोभायात्रा मंदिर परिसर पहुंची। हनुमान जी ने भरत को श्रीराम के आगमन की सूचना दी। इसके बाद भरत और हनुमान का मिलन हुआ। श्रीराम, सीता और लक्ष्मण के पहुंचने पर चारों भाइयों का मिलन हुआ। इसके बाद माता कौशल्या, कैकेयी और सुमित्रा ने सीता को आशीर्वाद दिया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम की आरती उतारकर पूजा-अर्चना की। इस मौके पर राज किशोर वर्मा, सिद्धनाथ जायसवाल, रामकुमार गुप्ता और सुरेश जायसवाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।