बहराइच-जमुनहा मार्ग पर सोमवार की रात बाइक सवार दंपती कुत्ते से टकरा गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल दंपति को राहगीरों ने एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने पति की हालत गंभीर देख उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने घायल पति को मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना से परिजनों में चीख-पुकान मची है।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सागरगांव मरैला निवासी देवनारायण पाठक (42) सोमवार की दोपहर किसी कार्य से बाइक से बहराइच गए थे। उनके साथ उनकी पत्नी बेबी पाठक (38) भी बाइक पर मौजूद थी। कार्य संपन्न होने के बाद रात में वो दोनों घर वापस लौट रहे थे। इस दौरान बहराइच-जमुनहा मार्ग पर बंजारनपुरवा के पास उनकी बाइक के सामने अचानक कुत्ता आ गया।
दोनों कुत्ते से टकराकर सड़क पर गिर गए। राहगीरों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से उन्हें सीएचसी मल्हीपुर पहुंचाया। जहां, डॉ. रविंद्र सोनकर ने प्राथमिक इलाज के बाद देवीनरायण को मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही देवीनरायण की मौत हो गई। बेबी पाठक का इलाज मल्हीपुर सीएचसी में जारी है।