श्रावस्ती। संपूर्ण टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए बुधवार को सेमगढ़ा के मदरसा मकतब इस्लामिया के बच्चों ने जागरूकता रैली निकाली। रैली का आयोजन यूनीसेफ व स्वास्थ्य विभाग की ओर से किया गया। जिले में एक से 12 अगस्त तक संपूर्ण टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा।
टीकाकरण के मामले में जिले की स्थिति संतोषजनक नहीं है। इसी लिए अगस्त से विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाना है। अभियान सफल हो इसके लिए यूनीसेफ व स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसी के तहत सेमगढ़ा के मदरसा मकतब इस्लामिया के बच्चों ने रैली निकाली। रैली को हाजी जुल्फेकार ने रवाना किया।
रैली ने गांव में लोगों को टीकाकरण के प्रति जागरूक किया। इस दौरान हाजी जुल्फेकार ने गांव के लोगों से टीकाकरण में बढ़ चढ़ कर प्रतिभाग करने की अपील की। रैली के दौरान बच्चे पापा मम्मी भूल न जाना, टीकाकरण जरूर कराना के नारे लगा रहे थे।
वहीं यूनीसेफ के ब्लॉक कोआर्डिनेटर बृजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि विशेष टीकाकरण अभियान एक अगस्त से 12 अगस्त तक चलेगा। अभियान को सफल बनाने के लिए 185 टीकाकरण केंद्र इकौना में बनाए गए हैं। इसमें आशा, आंगनबाड़ी तथा एएनएम की ड्यूटी लगाई गई है। कैंप में बच्चों को काली खांसी, पीलिया, गला घोटू, टेटनेस, हेपिटाइटिस बी के साथ ही अन्य रोगों के टीके लगाए जाएंगे। इस मौके पर जेपी गौतम, शिक्षक अरसद खां, जिल्ले खां, शाकिर खां, फकरुद्दीन जेपी मौर्या, आशाबहू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।