श्रावस्ती। प्रदेश में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले पुलिस कमिश्नर, एसएसपी व एसपी की रैंकिंग में श्रावस्ती के एसपी को प्रदेश में दूसरा स्थान मिला। पहले स्थान पर शामली व तीसरे स्थान पर फिरोजाबाद रहा। रैंकिंग में दस जिलों को शामिल किया गया था। मुख्यमंत्री ने जिलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों की समीक्षा की। इसमें एसपी के साथ ही एसएसपी व पुलिस कमिश्नर के कार्यो को शामिल किया गया था। इस समीक्षा में छह बिंदुओं को शामिल किया गया था। इस सूची में शामली के एसपी को प्रदेश में पहला स्थान, श्रावस्ती की एसपी प्राची सिंह को दूसरा व फिरोजाबाद के एसएसपी को तीसरा स्थान मिला है।
एसपी के साथ ही डीआईजी के भी कार्यों की समीक्षा की गई थी। इसमें देवीपाटन मंडल के डीआईजी को प्रदेश में चौथा स्थान मिला है। जबकि सबसे खराब कार्य प्रदर्शन के मामले में एसपी गोंडा दूसरे व बहराइच दसवें स्थान पर है।
इन कामों को बनाया गया आधार
विवेचना निस्तारण का अभियान चलाकर तीन माह में 579 विवेचनाओं को पूरा कराने, ऑपरेशन धरपकड़ के तहत 238 वारंटियों को गिरफ्तार करने, आबकारी अधिनियम के तहत 67 मामले दर्ज करने, आर्म्स एक्ट के तहत 21 मामले दर्ज करने, तीन मुठभेड़ में छह अपराधियों की गिरफ्तारी करने, ऑपरेशन असलहा अभियान चलाकर 1839 शस्त्र धारकों को शत प्रतिशत सत्यापन कराकर उनका डिजिटल डोजियर तैयार कर अभिलेखीकरण करना शामिल था।
शिकायत निस्तारण मामले में श्रावस्ती पहले भी दो बार प्रदेश में प्रथम स्थान पा चुका है। इस बार क्राइम सहित अन्य मामलों की समीक्षा की गई थी। इसमें प्रदेश में दूसरा स्थान मिला है।
प्राची सिंह, एसपी