श्रावस्ती। वृद्धा आश्रम की सुरक्षा का एसपी प्राची सिंह ने मंगलवार को जायजा लिया। इस दौरान वृद्धजनों से बातचीत कर उनकी समस्या को सुन कर शीघ्र निस्तारित कराने का भरोसा भी दिलाया। भिनगा में समाज कल्याण विभाग की तरफ से संचालित वृद्धाश्रम में काफी संख्या में वृद्ध आश्रय लेते हैं। यहां के सुरक्षा इंतजाम जांचने के लिए ही एसपी प्राची सिंह, एएसपी व सीओ भिनगा के साथ निरीक्षण को पहुंची।
आश्रम में मौजूद कुछ बुजुर्गों ने बताया कि वह अपने घर वापस जाना चाहते हैं। एसपी ने भरोसा दिलाया कि उनके परिवार के लोगों से बातचीत की जाएगी। अगर इसमें कोई अड़चन आती है तो उसे भी दूर कराया जाएगा। मौजूद भिनगा कोतवाली प्रभारी को निर्देश दिया कि वह सप्ताह में कम से कम एक बार आश्रम का निरीक्षण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था को परखे। संवाद
सड़क हादसे में घायल महिला की मौत
तुलसीपुर (श्रावस्ती)। भिनगा बहराइच मार्ग पर फतुहापुर गांव के पास बीते सोमवार को सड़क हादसे में घायल महिला की मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। सोनवा थाना क्षेत्र के फतुहापुर निवासी आसाराम सोमवार रात साइकिल से लक्ष्मण नगर जा रहा था। इस दौरान साइकिल पर उसकी पत्नी निर्मला भी मौजूद थी। फतुहापुर गांव से भिनगा बहराइच मार्ग पर एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने साइकिल को टक्कर मार दी थी। इसकी चपेट में आकर पति-पत्नी दोनों गंभीर घायल हो गए थे। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा पहुंचाया, जहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान घायल निर्मला देवी की मौत हो गई। संवाद
बेकाबू कार की टक्कर से मासूम घायल
जमुनहा (श्रावस्ती)। बेकाबू कार की टक्कर से मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बनगई निवासी मुख्तार अली की छह वर्षीय पुत्री ननकाई घायल हो गई। वह मार्ग किनारे खड़ी थी, इसी बीच जमुनहा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार की चपेट में आकर वह घायल हो गई। उसे इलाज के लिए सीएचसी मल्हीपुर ले जाया गया, जहां हालत बिगड़ने पर संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा भेज दिया गया। संवाद