श्रावस्ती। सोनवा थाने सहित गिरंट, बदला व नासिरगंज पुलिस चौकी का एसपी ने सोमवार देर शाम निरीक्षण किया। इस दौरान परिसर में सफाई व अभिलेखों के रखरखाव में मिली कमियों पर एसपी ने नाराजगी जताते हुए उसे तत्काल दुरुस्त करने को कहा। इसके साथ ही बदला कस्बे में पैदल गश्त कर व्यापारियों व लोगों से वार्तालाप कर सुरक्षा व्यवस्था का हाल जाना।
वहीं एएसपी ने मल्हीपुर थाने का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान अपराध समीक्षा कर मिली खामियों को दुरुस्त करने को कहा। पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्या ने सोमवार को सोनवा थाने सहित गिरंट, बदला व नासिरगंज पुलिस चौकी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मेस व उसके आसपास साफ सफाई देखी।
वहीं थाने के कार्यालय में अभिलेखों का रखरखाव भी देखा। इस दौरान साफ सफाई व अभिलेखों के रखरखाव के बारे में उन्होंने प्रभारी निरीक्षक सोनवा विजय बहादुर सिंह को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। इसके बाद एसपी ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान चौकी गिरंट, बदला, नासिरगंज का भी निरीक्षण किया। बदला कस्बे में पैदल गश्त कर व्यापारियों व लोगों से वार्तालाप कर सुरक्षा का अहसास दिलाया।
उधर मल्हीपुर थाने का अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दूबे ने सोमवार शाम अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, आगंतुक कक्ष, हवालात, मालखाना, बैरक, शस्त्रागार, भोजनालय, थाना कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने शस्त्रों का रखरखाव व परिसर की साफ सफाई बेहतर तरीके से कराने का निर्देश दिया। उन्होंने थाने पर तैनात विवेचकों के साथ बैठक कर लंबित अहकमात की समीक्षा की। इस दौरान उन्हें 53 विवेचनाएं लंबित मिली।
जिन्हें दस दिनों में निस्तारित करने का निर्देश दिया। वहीं वांछित, वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए निर्देश दिए। इस दौरान एएसपी ने कहाकि कोरोना महामारी को देखते हुए सभी लोग अपने आप को सुरक्षित रखें तथा नियमों का पालन करें। साथ ही जब क्षेत्र में निकले तो लोगों को इस बीमारी के बारे में जागरूक करें। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक दद्दन सिंह मौजूद रहे।