श्रावस्ती। पुलिस अधीक्षक ने गुरुवार को सोनवा थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक ने गिलौला थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान थानों में अधिकारियों द्वारा विवेचकों संग बैठक कर लंबित विवेचनाओं को समय से गुणवत्तापूर्ण एंग से निस्तारित कराने का निर्देश दिया। साथ ही थाना परिसर में साफ सफाई बनाए रखने के लिए थाना प्रभारियों को निर्देशित किया।
पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्य गुरुवार को सोनवा थाने पहुंचे। जहां उनके द्वारा कार्यालय के रजिस्टर नंबर आठ, अपराध रजिस्टर, एक्टीव लिस्ट, बीट सूचना रजिस्टर, फ्लाई शीट रजिस्टर, हेल्प डेस्क आदि का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों के रखरखाव, मालखाना व लावारिस तथा मुकदमाती मालों के निस्तारण के लिए थाना प्रभारी को निर्देशित किया। साथ ही थाने पर नियुक्त सभी विवेचकों को विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने सभी बीट प्रभारियों व कर्मचारियों को बीट में जाकर चौपाल लगाने व लोगों की समस्याएं सुनकर उसका निराकरण कराने को कहा। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक सोनवा सुरेंद्र कुमार शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक केसी गोस्वामी द्वारा गिलौला थाने का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक गिलौला से आरक्षियों को थाना स्तर पर संपादित किए जाने वाले प्रत्येक कार्य के बारे में बेहतर जानकारी देने का निर्देश दिया। साथ ही थाने पर माल मुकदमाती वाहन व मालों के निस्तारण शीघ्र कराने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर स्थित आवासीय भवनों, भोजनालय, शौचालय व उठने-बैठने के स्थानों को निरीक्षण किया। साथ ही थाना प्रभारी को परिसर की साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक गिलौला विशुन देव पांडे सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।