श्रावस्ती। तराई में यूरिया का संकट कम होने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को खाद के लिए समितियों पर लंबी-लंबी लाइन लगी रही। एक बोरी यूरिया के लिए कई किसानों ने रात दो बजे, तो कुछ ने सुबह चार बजे से ही लाइन लगा ली, लेकिन दोपहर बाद तक उनको खाद नहीं मिल सकी। जिले की कई समितियों से यूरिया नदारद रही, किसान खाद के लिए भटकते नजर आए।
यूरिया के लिए मंगलवार को जमुनहा तहसील के नासिरगंज महदेवा स्थित साधन सहकारी समिति पर किसानों की भारी भीड़ उमड़ी, कड़ी धूप के बीच तीन-तीन लाइनें लग गईं। इस दौरान जमकर धक्का-मुक्की और हो हल्ला हुआ। धक्कामुक्की में कई किसान लाइन से बाहर हो गए और मारपीट की नौबत बन गई।
एक बोरी यूरिया के लिए चूल्हा-चौका छोड़ महिलाएं भी लाइन में लगी दिखीं। नोडल बनाए गए खंड शिक्षाधिकारी जमुनहा सतीश कुमार पुलिस टीम के साथ किसानों को समझाते व खाद वितरित करवाते दिखे। प्रभारी यज्ञराम पाठक ने बताया 600 बोरी यूरिया आई है, एक बोरी प्रति किसान के हिसाब से वितरित कराई जा रही है।
यही हाल बी-पैक्स बहुउद्देशिय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति जमुनहा भवनियापुर पर भी देखने को मिला, कड़ी धूप के बीच किसान यूरिया के लिए धक्कामुक्की करते रहे। सचिव प्रदोष सिंह ने बताया कि 292 बोरी यूरिया सोमवार को बांटी गई थी, शेष बची 273 बोरी बांटी जा रही है। भीड़ अधिक होने से 30 से अधिक किसानों को खाद नहीं मिली और उन्हें खाली हाथ घर लौटना पड़ा।
कल्याणपुर में नदारद रही खाद, भटकते रहे किसान
इकौना की साधन सहकारी समिति कल्याणपुर कटरा पर लगातार दूसरे दिन मंगलवार को भी खाद नदारद रही। खाद के लिए किसान समिति का चक्कर लगाते दिखे। सचिव माधवराम ने बताया कि शनिवार को 400 बोरी खाद आई थी, जिसे बांट दिया गया है। समिति पर खाद उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है।
सुबह चार बजे से ही लगा ली लाइन, नहीं मिली खाद
नासिरगंज महदेवा समिति पर लाइन में खड़े कटकुईंया गांव निवासी कलीम ने बताया यूरिया के लिए सुबह चार बजे ही लाइन लगा ली थी। 12 बजे से अधिक का समय हो गया है, अभी खाद नहीं मिली है। खाद की मात्रा भी कम बताई जा रही है।
धक्का-मुक्की में लाइन से निकल गए बाहर
नासिरगंज महदेवा समिति पर मौजूद कहारनपुरवा निवासी धनीराम ने बताया कि सोमवार रात दो बजे ही समिति पर आ गए थे और लाइन लगा दी थी, लेकिन धक्का-मुक्की में लाइन से बाहर निकल गए और फिर किसी ने लगने नहीं दिया। अब पीछे लगे हैं, खाद मिलनी मुश्किल है।