जन चौपाल में लोगों की समस्या सुनते कर्मी। -संवाद
श्रावस्ती। सीमावर्ती गांवों के लोगों को योजनाओं से जोड़ने के लिए जन चौपाल का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन के तीसरे दिन सिरसिया क्षेत्र के मोतीपुर कला सहित अन्य गांवों में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उन्हें संबंधित योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया।
भारत-नेपाल सीमा पर बसे गांव के लोगों तक जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए जन चौपाल का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत शनिवार को सिरसिया के थारू बहुल गांव मोतीपुर कला के संगीतालय में जन चौपाल लगाई गई।
इस दौरान बीडीओ दुर्गा प्रसाद प्रजापति ने कहा कि जन चौपाल के माध्यम से लोगों को योजनाओं से सीधे तौर पर जोड़ने का काम किया जा रहा है। किसी भी योजना की जानकारी व उसके लाभ के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसीलिए विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए।
जिला प्रोबेशन कार्यालय की ओर से लगाए गए स्टॉल पर जेंडर स्पेशलिस्ट कुसुम श्रीवास्तव व परामर्शदाता आशुतोष शुक्ला ने लोगों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी।
इस दौरान निराश्रित महिला पेंशन योजना से संबंधित छह शिकायतों में से दो का तत्काल निस्तारण किया गया। इसी तरह जिला दिव्यांग पोषण पुनर्वास केंद्र के कर्मियों ने दिव्यांगों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने लोगों की सेहत का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाओं का वितरण किया। इसी क्रम में सिरसिया के ग्राम ताल बघौड़ा, जमुनहा के सागरगांव व हरिहरपुररानी के असनहरिया गांव में चौपाल का आयोजन किया गया।