श्रावस्ती। बालिका से दुष्कर्म के आरोप में घर से गिरफ्तार किए गए आरोपी ने शनिवार रात कोतवाली ले जाते समय दरोगा की पिस्तौल छीनकर पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिसकर्मी घायल होने से बच गए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिनगा में भर्ती कराया गया है।
मुठभेड़ की जानकारी देते हुए एसपी राहुल भाटी ने बताया कि गत 22 सितंबर को कोतवाली भिनगा के एक गांव निवासी 10 वर्षीय बालिका नित्यक्रिया के लिए पास के जंगल गई थी। इस दौरान अज्ञात युवक ने बालिका के साथ दुष्कर्म किया था। घटना के बाद से कोतवाली भिनगा, एसओजी और सर्विलांस टीमें आरोपी की पहचान करने में जुटी थीं। जांच के दौरान भिनगा के भरथा बेलभरिया गांव निवासी शंकर (27) का नाम सामने आया।
इस पर शनिवार रात दबिश देकर पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी को उसके घर से पकड़ लिया। घर में छानबीन के दौरान घटना के दौरान पहने गए कपड़े बरामद कर लिए गए। पूछताछ के बाद पुलिस आरोपी को कोतवाली ला रही थी, इस दौरान भिनगा-लक्ष्मणपुर मार्ग स्थित रेहली यात्री प्रतीक्षालय के पास आरोपी ने उप निरीक्षक अनुराग सिंह की सरकारी पिस्तौल छीन ली। आरोपी ने पुलिस टीम पर चार राउंड फायर की। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और वो घायल हो गया। उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए सीएचसी भिनगा पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत सामान्य है। कोतवाली भिनगा पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।