जिला चिकित्सालय में त्वचा रोगियों का इलाज करते चिकित्सक।-
श्रावस्ती। तराई क्षेत्र में बारिश कम होने से उमस भरी गर्मी बढ़ गई है। इसका असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। संयुक्त जिला चिकित्सालय में मरीजों की संख्या बढ़ी है। इनमें त्वचा रोगियों की संख्या अधिक है। चिकित्सक गर्मी और त्वचा रोग से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। शनिवार को अस्पताल के चार परचा काउंटरों पर सुबह से मरीजों की लाइन लगी रही। ओपीडी कक्षों के बाहर भी मरीज चिकित्सकों को दिखाने के लिए घंटों इंतजार करते रहे। सबसे अधिक भीड़ त्वचा रोग और बाल रोग विशेषज्ञ के कक्ष के बाहर रही।
चिकित्सक डॉ. दीपांकर तिवारी ने बताया कि दोपहर एक बजे तक 120 मरीज देखे जा चुके थे। इनमें घमौरी, फोड़े-फुंसी, दाद और खुजली के मरीज अधिक रहे। दो सप्ताह पहले 70 से 80 मरीजों की ओपीडी होती थी, जो अब बढ़कर 120 से 135 पहुंच गई है। उन्होंने नियमित सफाई रखने, मरीज के कपड़े-बिस्तर का इस्तेमाल न करने और कपड़ों को गर्म पानी से धोने की सलाह दी। त्वचा रोग होने पर तत्काल चिकित्सक से संपर्क करें।