गिलौला/इकौना/श्रावस्ती। सड़क हादसों में छह वर्षीय बालक की मौत हो गई व सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया।
गिलौला क्षेत्र की ग्राम पंचायत लखना निवासी जुबेर अली घोरमा कॉलोनी में परचून की दुकान खोले हैं। बृहस्पतिवार को उनका बेटा जैद अली (6) भी दुकान आया था। शाम के समय जुबेर दुकान में व्यस्त थे और जैद दुकान के बाहर खेल रहा था। खेलते-खेलते जैद गिलौला-लक्ष्मननगर सड़क पर चला गया। उसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जैद दूर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी विनय कुमार पांडेय ने बताया कि कार की तलाश की जा रही है।
नवीन मॉडर्न थाना श्रावस्ती क्षेत्र की ग्राम पंचायत बरगदही निवासी (30) बृहस्पतिवार सुबह इकौना क्षेत्र के लोहारनपुरवा निवासी अपनी बहन राबिया (25) व भांजे हसीम (04) के साथ जियारत के लिए दरगाह शरीफ बहराइच गए थे। वहां से घर लौटने के दौरान दोपहर में बौद्ध परिपथ पर लोहारनपुरवा मोड़ के पास तेज रफ्तार ई रिक्शे ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने निजी वाहन से तीनों को सीएचसी इकौना भेजवाया। हादसे के बाद ई रिक्शा चालक भाग गया।
उधर, भिनगा क्षेत्र की ग्राम पंचायत गोबार निवासी ओमप्रकाश (30) बृहस्पतिवार को बाइक से भिनगा जा रहे थे। भिनगा-परसा मार्ग पर वर्गावर्गी गांव के निकट सामने से आ रहे गोबार गांव के ही सिराजुद्दीन (26) की बाइक से उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों को अपने वाहन से संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा पहुंचाया।
उधर इकौना क्षेत्र की ग्राम पंचायत सौरूपुर निवासी पीआरडी जवान छोटेलाल (45) व लालमणि (55) बृहस्पतिवार सुबह भिनगा के दहाना तिराहे पर ड्यूटी के लिए जा रहे थे। लालपुर खदरा के पास उनकी बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी इकौना भेजवाया। यातायात प्रभारी मोहम्मद समीम, आजाद यादव और रणविजय सिंह सीएचसी पहुंचे और घायल जवानों का कुशलक्षेम जाना।