श्रावस्ती। जूनियर हाईस्कूल भिनगा परिसर में 10 दिवसीय यूपी ट्रेड शो स्वदेशी मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले के आठवें दिन बृहस्पतिवार को राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्य ने स्टॉलों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं की गोदभराई व बच्चों का अन्नप्राशन कराया।
राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्य व डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने आईसीडीएस विभाग के स्टॉल पर दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने सभी स्टॉलों का निरीक्षण कर उनकी सराहना की।
डॉ. प्रियंका ने कहा कि स्वदेशी मेले के आयोजन से केंद्र व प्रदेश सरकार की दूरदर्शी सोच झलकती है। इससे स्थानीय कारीगरों व उद्यमियों को एक बाजार मिला है। यहां वे अपने उत्पाद का प्रचार-प्रसार व बिक्री कर सकते हैं।
उन्होंने महिलाओं की ओर से निर्मित उत्पादों, मिशन शक्ति, बाल विकास एवं पुष्टाहार, कलाकृतियों और कपड़ों की गुणवत्ता की सराहना की। साथ ही महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में उनके प्रयासों को सराहा भी।
डीएम ने कहा कि स्वदेशी मेला न केवल आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देता है, बल्कि हमारी समृद्ध हस्तकला परंपरा को भी जीवित रखता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वदेशी उत्पाद अपनाकर स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करें।
इस मौके पर पीडी अश्वनी कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी मोहम्मद मुमताज, डीपीओ पीके दास, डीपीआरओ नंदलाल, एलडीएम जुगल किशोर, उपायुक्त उद्योग राजेश कुमार पांडेय सहित अन्य मौजूद रहे।