गिरंट बाजार। हरदत्तनगर गिरंट क्षेत्र में साइकिल से बदला चौराहा जा रहे भाई-बहन को तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी। हादसे में बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भाई घायल हो गया। हादसे के बाद चालक बोलेरो लेकर भाग गया। परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए शव लेकर घर चले गए।
ग्राम पंचायत रानीसीर निवासी गुलाब शाह (11) शनिवार दोपहर अपने भाई शाहिद शाह अली (18) के साथ साइकिल से बदला चौराहा जा रही थी। गांव के पास ही जमुनहा की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में गुलाब शाह की मौके पर ही मौत हो गई और शाहिद घायल हो गए।
परिजनों ने एंबुलेंस की मदद से गुलाब शाह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मौत की पुष्टि कर दी। शाहिद को बदला चौराहे के पास निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए शव लेकर घर चले गए। थाना प्रभारी महिमानाथ उपाध्याय ने बताया कि परिजनों ने कोई सूचना नहीं दी है। अगर तहरीर मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी।