तुलसीपुर (श्रावस्ती)। भीषण ठंड में छुट्टा मवेशियों से फसलों की रखवाली के लिए किसानों को खेतों में डेरा डालना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि इन्हें आश्रय स्थलों में संरक्षित किया जाए तो राहत मिल सकती है।
विज्ञापन
बाढ़ व अतिप्लावन के कारण धान की फसल में नुकसान उठा चुके किसानों को रबी की फसलों से उम्मीद है। दर्जनों की संख्या में घूम रहे इन छुट्टा मवेशियों को जहां अब तक लंपी वायरस की आशंका में गोआश्रय स्थलों में संरक्षित नहीं किया गया। वहीं अब जब खतरा टल चुका है, तब भी पशुपालन विभाग व प्रशासन को इनकी याद नहीं आ रही है। एक तरफ जहां मुख्य मार्गों पर बैठने के कारण यह छुट्टा मवेशी आए दिन दुर्घटना का कारण बन रहे हैं।
वहीं खेतों में गेहूं, अलसी, मसूर, चना, सरसों, लाही, तोरिया, अरहर सहित अन्य फसलें लगी हुई है। तब यह छुट्टा मवेशी झुंड में जाकर फसलों पर कहर बरपा रहे हैं। ऐसे में कड़ाके की ठंड में किसान खेतों की रखवाली करने को विवश हैं। ऐसा ही कुछ गिलौला के ग्राम चंदर्खा बुजुर्ग, गुजरवारा, तुलसीपुर, चौगोई, फुलवरिया शाहपुर, गौसपुर व ददौरा सहित अन्य गांवों में देखने को मिल रहा है।