श्रावस्ती। एनडीआरएफ टीम की ओर से विद्यालयों में जाकर छात्रों को आपदा से बचाव व उससे निपटने का तरीका बताया जा रहा है। इसी के क्रम में सोमवार को सुभाष चंद्र बोस इंटर कॉलेज, इकौना में छात्र-छात्राओं को न सिर्फ इसका गुर सिखाया गया, बल्कि इसका पूर्वाभ्यास भी कराया गया।
एनडीआरएफ टीम के प्रशिक्षकों ने कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों को भूकंप, बाढ़, अग्निकांड, मार्ग दुर्घटना, सर्पदंश आदि घटनाओं में बरती जाने वाली सावधानी के बारे में बताया। उन्हें प्राथमिक उपचार कैसे करें, इसकी जानकारी भी दी गई। साथ ही साथ घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए अपने स्तर से स्ट्रेचर बनाने, 3 व 4 आर्म्स चेयर बनाने, सीपीआर देने, रस्सी से बचाव की तकनीक, राफ्ट बनाने, सड़क पर चलते समय बरती जाने वाली सावधानियों, बिजली से बचाव के तरीके तथा इससे बचने के लिए दामिनी ऐप का इस्तेमाल कैसे करें इसका प्रशिक्षण भी दिया। इस दौरान भूकंप से बचाव के लिए मार्क ड्रिल भी कराया। इस दौरान एनडीआरएफ सहित सभी शिक्षक व छात्र छात्राएं मौजूद रहीं।