श्रावस्ती। जिला सिंचाई बन्धु की बैठक मंगलवार को सरयू नहर खंड छह कार्यालय सभागार में आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता समिति के उपाध्यक्ष ने की। इस दौरान उन्होंने मौजूद अधिकारियों को किसानों की सिंचाई से संबंधित छोटी से छोटी समस्याओं को सुन उसके निराकरण का निर्देश दिया। सिंचाई बंधु समिति की बैठक के दौरान समिति के उपाध्यक्ष उदय प्रताप नारायण सिंह (शिवाजीत सिंह) ने कहा कि सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं का संचालन कर किसानों को लाभान्वित किया जा रहा है। यह पहली सरकार है जो किसानों को राहत देने के लिए विभिन्न योजनाओं का संचालन कर उन्हे लाभान्वित कर रही है।
उन्होंने कहा कि देश का किसान खुशहाल होगा तो निश्चित ही हमारा समाज प्रगति की ओर होगा। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सिंचाई से संबन्धित किसानों की हर छोटी बड़ी समस्याओं को सुनकर उसका निराकरण किया जाए। साथ ही उसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को भी देना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। किसानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए संबंधितों को रोस्टर के अनुसार नहरों का संचालन करने को कहा। जिससे किसानों को किसी भी प्रकार की समस्याओं का सामना न करना पड़े।
बैठक के दौरान नहरों की समुचित सफाई, नहरों की कटिंग एवं टेल तक पानी पहुंचाने, नहरों के कुलावों की व्यवस्था संबंधी समस्याओं, नलकूपों के संचालन, सिंचाई शुल्क निर्धारण एवं कृषकों से प्राप्त अन्य प्रकार की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था चुस्त रखने को कहा। इस दौरान अधिशासी अभियंता सरयू नहर खंड छह अजय कुमार, सहायक अभियंता, अवर अभियंता सहित सरयू नहर खंड के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।