श्रावस्ती। जिला सपा कार्यालय में कार्यरत कार्यालय प्रभारी ने जिलाध्यक्ष पर वेतन न देने का आरोप लगाया है। यह आरोप उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर लगाया। वीडियो में कार्यकर्ता ने बेटी की शादी के लिए बकाया वेतन दिलाने की मांग की है। साथ ही जिलाध्यक्ष पर कई अन्य आरोप लगाए हैं।
श्रावस्ती में समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय प्रभारी नन्हे यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इसमें कार्यालय प्रभारी ने आरोप लगाते हुए कहा है कि उनको सपा सरकार के कार्यकाल 2012 में तत्कालीन जिलाध्यक्ष जितेंद्र यादव ने कार्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी थी। उस समय उसको प्रतिमाह वेतन देना तय हुआ था। पूर्व जिलाध्यक्ष के कार्यकाल में वेतन मिलता भी रहा, लेकिन जब से जितेंद्र यादव जिलाध्यक्ष पद से हटे हैं और उनके स्थान पर सर्वजीत यादव अध्यक्ष बनाए गए है तब से वेतन नहीं मिला है। 11 मई को उनकी बेटी का विवाह है। पैसे की आवश्यकता पडुने पर जब उन्होंने जिलाध्यक्ष से वेतन मांगा तो भुगतान करने से मना कर दिया गया।
उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से अपील की है कि वेतन दिलाया जाए। वहीं, इस संबंध में जिलाध्यक्ष सर्वजीत यादव बताते हैं कि कार्यालय प्रभारी नन्हे यादव का चार माह का वेतन बकाया था। 15 अप्रैल को इनका चौथा महीना पूरा हुआ है। सात अप्रैल को ही 12 हजार रुपये का भुगतान कर दिया गया है। वह दस हजार रुपये प्रतिमाह की दर से वेतन मांग रहे थे। इतना पैसा दे पाने में अक्षमता जताई गई है। कार्यालय की चाबी उन्होंने अपने पास रखी है। 14 अप्रैल को आंबेडकर जयंती मनाने के लिए कार्यालय का ताला तोड़कर सभी लोग अंदर गए थे। अब कार्यालय प्रभारी मनगढ़ंत आरोप लगा रहे हैं।