जमुनहा(श्रावस्ती)। जमुनहा भवनियापुर क्षेत्र का प्रमुख बाजार होने के साथ ही इससे सटे गांवों के लोग आज भी दूषित जल पीने को विवश हैं। राप्ती का कछार क्षेत्र होने के कारण यहां पानी में आर्सेनिक की मात्रा अधिक है। लोगों को स्वच्छ पेयजल मुहैया कराने के लिए दो वर्ष पूर्व बने ओवर हेड टैंक से अब तक जलापूर्ति शुरू नहीं कराई जा सकी है। ऐसे में नाराज लोगों ने इस बार विधानसभा चुनाव में इसे मुख्य चुनावी मुद्दा बनाते हुए स्वच्छ पेयजल मुहैया कराने वाले को ही अपना रहनुमान चुनने का ऐलान किया है।
जमुनहा विकास क्षेत्र की ग्राम पंचायत जमुनहा भवनियापुर में करीब 15 हजार की आबादी है जिन्हें स्वच्छ पेयजल देने के लिए दो वर्ष पूर्व ओवर हेड टैंक का निर्माण तो कराया गया था, लेकिन लोगों को जलापूर्ति का लाभ नहीं मिल सका। इससे पहले कि जल निगम द्वारा क्षेत्रवासियों को जलापूर्ति दी जाती, यहां लगी पानी की मोटर खराब हो गई थी।
इसकी न तो मरम्मत कराई गई और न ही इसे बदलकर दूसरी मोटर लगाई गई। इतना ही नहीं यहां पाइप लाइन बिछाने के लिए दो वर्ष पूर्व सड़क, इंटरलॉकिंग व सीसी मार्ग खोदकर गड्डा बना दिया गया जिसे अब तक दुरुस्त न कराए जाने से लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं जमुनहा गांव, मुराउन पुरवा, राजा साहब की बगिया, बड़का फतेपुर, कर्बला, जमुनहा बाजार, भवनियापुर व एसएसबी के सामने अब तक पानी का कनेक्शन भी नहीं दिया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार कई बार जनप्रतिनिधियों से इस बारे में शिकायत भी की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। ऐसे में क्षेत्रवासियों ने इस बार इसे मुख्य चुनावी मुद्दा बनाते हुए रहनुमान चुनने का एलान किया है।