श्रावस्ती। जिले में 27 फरवरी को भिनगा व श्रावस्ती विधानसभा क्षेत्र के लिए मतदान होगा। इसके लिए जिले के चिह्नित क्रिटिकल बूथों पर माइक्रोआब्जर्वर तैनात किए जाएंगे। जिन्हें मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीडीओ के नेतृत्व में प्रशिक्षण दिलाया गया। जिसमें मौजूद दोनों विधानसभाओं के प्रेक्षकों ने सभी माइक्रोआब्जर्वर को बूथ पर होने वाली सभी गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश दिया।
भिनगा विधानसभा क्षेत्र के लिए नियुक्त प्रेक्षक डा. पी भास्कर ने कहा कि जिसे जो दायित्व सौंपा गया है। वह पूरी निष्ठा व ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्य का निर्वहन करें। विधानसभा क्षेत्र श्रावस्ती के प्रेक्षक सिद्धार्थ मिश्रा ने कह ाकि सभी माइक्रो आब्जर्वर बूथ पर होने वाली सभी गतिविधियों पर पैनी नजर रखें। यदि कहीं कोई खामी दिखे तो तत्काल उच्च अधिकारियों को सूचित करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी नेहा प्रकाश व मुख्य विकास अधिकारी तथ प्रभारी अधिकारी कार्मिक ईशान प्रताप सिंह द्वारा विधान सभावार क्रिट्रिकल बूथों में चिह्नित किए गए बूथों पर मतदान कराने के लिए नियुक्त सभी 93 माईक्रो आब्जर्वर को चुनाव सकुशल संपन्न कराने की विस्तार से जानकारी दी गई। सभी माइक्रो आब्जर्वर को प्रोजेक्टर के माध्यम से फिल्म दिखाकर प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान उप निदेशक कृषि, जिला विकास अधिकारी विनय कुमार तिवारी, जिला बचत अधिकारी रामप्रसाद, जिला सूचना अधिकारी शिवनाथ, ई डिस्ट्रिक्ट मैनेजर शरद श्रीवास्तव सहित सभी मास्टर ट्रेनर एवं माइक्रो आब्जर्वर मौजूद रहे।