श्रावस्ती। विधानसभा चुनाव में किसी प्रकार की कोई खामी न रह जाए इसके लिए सभी व्यवस्थाएं पहले से ही दुरुस्त कर ली जाएं। कानून व्यवस्था को लेकर अभी से सारे इंतजाम पूरे करें ताकि विधानसभा चुनाव में किसी प्रकार का कोई व्यवधान उत्पन्न न होने पाए। ये बातें रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक में प्रेेक्षकों ने कहीं।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान पुलिस प्रेक्षक डॉ. राजेंद्र माने ने निर्देश दिया कि आबकारी दुकानों से थोक बिक्री न होने पाए। प्रत्याशियों द्वारा चुनाव में शराब न बाटी जाए। इसके लिए सतत निगरानी रखें। आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए। बिना अनुमति के होर्डिंग, बैनर आदि न लगाए जाएं। पोस्टल बैलेट, फर्नीचर और बैरिकेडिंग की व्यवस्था के बारे में भी निर्देश दिया। साथ ही कहा कि सार्वजनिक संपत्तियों अथवा निजी संपत्तियों पर किसी प्रकार के विज्ञापन, पोस्टर व बैनर आदि लगाने से पहले संबंधित अधिकारी से अनुमति लेना अनिवार्य है। बिना अनुमति के पोस्टर, बैनर आदि लगाने वाले के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
निजी स्थानों एवं सार्वजनिक भवनों की दीवारों पर बिना अनुमति के पोस्टर व बैनर आदि न लगाए जाएं। आदेश न मानने वालों के खिलाफ नोटिस जारी कर कार्रवाई की जाए। बैठक में भिनगा विधानसभा क्षेत्र के प्रेक्षक डॉ. पी भास्कर, श्रावस्ती विधानसभा क्षेत्र के प्रेक्षक सिद्धार्थ मिश्रा, व्यय प्रेक्षक सत्यप्रकाश सिंह, डीएम नेहा प्रकाश, एसपी अरविंद कुमार मौर्य, एडीएम कमलेश चंद्र, एएसपी केशव चंद्र गोस्वामी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट परीक्षित खटाना, आरओ भिनगा प्रवेंद्र कुमार, आरपी चौधरी, सौरभ शुक्ला, आशुतोष, मोहित, एमपी शर्मा आदि मौजूद रहे।