इकौना / कटरा (श्रावस्ती)। बौद्ध परिपथ के सहेट महेट मोड़ पर बुधवार सुबह बहराइच से बलरामपुर जा रहा ट्रक अनियंत्रित हो गया। इसके बाद सड़क की पटरी पर रखी ढाबली पर जाकर पलट गया। इससे दुकान में मौजूद तीन लोगों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची नवीन मॉडर्न थाना पुलिस ने लाश को पोस्ट मार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।
नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र में चौधरी राम बिहारी बुद्ध इंटर कॉलेज के पास स्थित सहेट-महेट मोड़ पर पटरी दुकानदार काबिज हैं। ये लोग बौद्ध परिपथ की पटरी पर ढाबली व छप्पर आदि रखकर चायपान आदि की दुकान चलाते हैं। यहां थाना क्षेत्र के गोमदापुर निवासी दद्दन शुक्ला (50) पुत्र रामरंग शुक्ला परिवार सहित रहकर चाय की दुकान करते थे। थाना क्षेत्र के कटरा तिराहा चक्रभंडार निवासी संतोष पांडे (40) पुत्र विश्राम पांडे पान की ढाबली चलाते थे। वहीं, बलरामपुर के थाना कोतवाली देहात अंतर्गत ग्राम समदा निवासी राममनोहर (35) पुत्र रामलखन मंगलवार देर रात दिल्ली से लौटे थे। देर हो जाने के कारण वह दद्दन की दुकान पर रुक गए थे। बुधवार सुबह दद्दन राममनोहर को चाय देने जा रहे थे।
इसी बीच करीब सात बजे बहराइच से बलरामपुर जा रहा ट्रक यूपी 21 सीएन 9470 तेज रफ्तार होने के कारण सहेट महेट पर अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे स्थित चाय व पान की ढाबली को रौंदते हुए सड़क किनारे खड्ड में पलट गया। इससे संतोष पांडे, दद्दन शुक्ला व राममनोहर की घटना स्थल पर ही मौत हो गई जबकि पास में ही साइकिल की दुकान चलाने वाले पाटेश्वरी गौतम व सब्जी विक्रेता चंदन पासवान और संतोष की पत्नी पूनम पांडे, पुत्र संदीप व प्रदीप बाल-बाल बच गए। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर नवीन थाना प्रभारी राजकुमार पांडे के साथ पहुंचे उप जिलाधिकारी इकौना आरपी चौधरी तथा क्षेत्राधिकारी इकौना एमपी शर्मा ने जेसीबी से ट्रक हटवाकर करीब एक घंटे बाद तीनों शवों को बाहर निकलवाया। शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेजा गया है। घटना के बाद तीनों ही परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।