प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते खिलाड़ी। - स्रोत: विद्यालय
श्रावस्ती। अलक्षेंद्र इंटर कॉलेज भिनगा में सोमवार को मंडलीय माध्यमिक विद्यालयीय खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें मंडल के सभी जिलों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। श्रावस्ती के खिलाड़ी ओवरऑल चैंपियन रहे।
शिक्षक एमएलसी प्रतिनिधि गुरुवचन सिंह ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि खेल को खेल भावना से खेलना चाहिए। खेल से प्रतिस्पर्धा, टीम भावना व अनुशासन का विकास होता है। प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों ने प्रतिभाग किया।
19 वर्षीय बालक वर्ग में श्रावस्ती के खिलाड़ियों ने गोंडा के खिलाड़ियों को हराया। 19 वर्षीय बालिका वर्ग में श्रावस्ती की खिलाड़ियों ने बहराइच की खिलाड़ियों को मात दी। 17 वर्षीय बालक वर्ग में श्रावस्ती के खिलाड़ियों ने बहराइच को पराजित किया। इसी तरह 17 वर्षीय बालिका वर्ग में गोंडा की खिलाड़ियों ने श्रावस्ती की खिलाड़ियों को मात दी।
14 वर्षीय बालक वर्ग में श्रावस्ती के खिलाड़ियों ने बहराइच को हराया। 14 वर्षीय बालिका वर्ग में श्रावस्ती की खिलाड़ियों ने गोंडा की खिलाड़ियों को पराजित किया। प्रतियोगिता के समापन पर जिला क्रीड़ा अधिकारी शिवकुमार यादव ने खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
इस मौके पर प्रधानाचार्य ज्योति प्रकाश पांडेय, डॉ. महेंद्र प्रसाद भारती, जिला क्रीड़ा सचिव माध्यमिक आशीष कुमार, खो-खो प्रशिक्षक जगेसर सैनी व विकास कुमार गिरी सहित अन्य मौजूद रहे।