श्रावस्ती। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत गुरुवार पांच को जिले की 454 कोटे की दुकानों पर अन्न महोत्सव मनाया जाएगा। इसके लिए गिलौला के ग्राम कमलाभारी में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। जहां राशन कार्ड धारकों को पांच किलोग्राम खाद्यान्न (तीन किलोग्राम गेहूं तथा दो किलोग्राम चावल) प्रति यूनिट की दर से नि:शुल्क वितरित किया जाएगा। कलेक्ट्रेट के तथागत हाल में बैठक के दौरान जिलाधिकारी टीके शिबु ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देश पर जिले में 454 राशन की दुकानों पर अन्न महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जहां कार्ड धारकों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना बैग दिया जाएगा। जिसमें खाद्यान्न के साथ दो फोल्डर व मुख्यमंत्री की ओर से संबोधित पत्र दिया जायेगा। खाद्यान्न वितरण के दौरान जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। जिनके द्वारा लाभार्थियों को इसका वितरण किया जायेगा।
डीएम ने नामित सभी 54 न्याय पंचायतों के लिए नामित किए गए 108 नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शासन के निर्देशानुसार अपनी राशन की दुकानों पर कार्यक्रम आयोजित कराए, पात्र लाभार्थियों में खाद्यान्न का वितरण कराएं। मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाभार्थियों को संबोधित भी करेंगे। इसलिए मुख्य कार्यक्रम स्थल कमलाभारी में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा एलईडी वैन के माध्यम से लाभार्थी प्रधानमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण देखेंगे। सभी राशन की दुकानों पर सफाई के साथ सजावट भी कराई जाए। 100 लाभार्थियों को वहां बैठाया जाएगा, जो प्रधानमंत्री का भाषण सुनेंगे। इसके लिए आवश्यक व्यवस्था करने के लिए प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिया कि सभी ग्राम प्रधानों को कार्यक्रम के संबंध में सूचित करें, जो कोटे की दुकानों पर आवश्यक प्रबंध में सहयोग करेंगे। सांसद एवं विधायक सहित अन्य जनप्रतिनिधि ग्राम पंचायतों में उपस्थित रहकर खाद्यान्न का वितरण करेंगे। सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका इस कार्य में उनका सहयोग करेंगे। बीएसए को सभी शिक्षकों की उपस्थिति उचित दर की दुकान पर सुबह सात बजे से कराने व आवश्यक प्रबंध कराने का निर्देश दिया, कोटेदार टेलीविजन की व्यवस्था करेंगे। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत खाद्यान्न वितरण की मानीटरिंग के लिए शासन द्वारा नामित जिले के नोडल अधिकारी प्रमुख सचिव नियोजन विभाग अमोद कुमार स्वयं जिले में मौजूद रहेंगे। उनके द्वारा वितरण कार्य का निरीक्षण एवं समीक्षा की जायेगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही करने वाले को बख्शा नहीं जायेगा। बैठक में सीडीओ ईशान प्रताप सिंह, एडीएम योगानंद पांडे, एसडीएम राजेश कुमार मिश्रा, आरपी चौधरी, प्रवेन्द्र कुमार, बीएसए प्रभुराम चौहान, डीपीओ आशा सिंह, सहायक निदेशक मत्स्य सुरेश कुमार सहित सभी बीडीओ व नोडल अधिकारी मौजूद रहे।