भिनगा बहराइच फोरलेन मार्ग पर सोमवार की रात तेज रफ्तार कार बाइक से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो मजदूरों की मौत हो गईं। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो मजदूरों को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर लखनऊ भेजा गया है।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बाबूपुरवा निवासी बृजेश कुमार (45) सोमवार की सुबह मजदूरी करने के लिए बाइक से भिनगा आए थे। उनके साथ इसी थाना क्षेत्र सेमरहनिया निवासी सुखराम (30), मोल्हेराम (32) और संगमपुरवा निवासी संजय यादव (27) भी सवार थे। शाम को काम खत्म होने के बाद चारों एक ही बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इस दौरान फोरलेन मार्ग पर सिसवा मोड़ के पास कार से टक्कर हो गई।
हादसे में गंभीर रूप घायल चारों मजदूरों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिनगा पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने सुखराम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीन अन्य को प्राथमिक इलाज के बाद मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान बृजेश ने भी दम तोड़ दिया।
गंभीर रूप से घायल दो युवकों को प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। हादसे की सूचना पर पहुंच सिविल लाइन चौकी प्रभारी राम भवन प्रजापति, कोतवाल राज प्रकाश सिंह ने मृतकों के परिजनों से जानकारी ली और हादसे की जांच में जुट गए। मृतक बृजेश के बड़े भाई धनीराम ने बताया मृतक अपने पीछे तीन बच्चों को छोड़ गए हैं।