श्रावस्ती। भिनगा नगर के नई बाजार में एक युवक कोरोना संक्रमित मिला। इसके बावजूद बाजार मंगलवार को खुली रही। इतना ही नहीं एसडीएम के आदेश को दर किनार कर व्यापारियों ने दूसरे दिन भी दोनों पटरियों की दुकान खोलीं। इससे कोरोना संक्रमण के तेजी से फैलने का खतरा बढ़ गया है। वहीं आदेश का अनुपालन कराने वाले भी नियमों की अनदेखी करते देखे जा रहे हैं।
कोरोना के बढ़ते संक्रमण पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एसडीएम भिनगा नगर में एक दिन बाई तो दूसरे दिन दाई पटरी की दुकान खोलने का आदेश जारी किया था। साथ ही आदेश की अवहेलना करने वालों पर कार्रवाई करने की सख्त चेतावनी भी दी गई थी। इस आदेश को दर किनार कर व्यपारियों ने मंगलवार दूसरे दिन भी दोनों की पटरियों की दुकान खोला। इतना ही नहीं भिनगा के नई बाजार के छावनी व मछली मंडी के मध्य एक युवक में कोरोना की पुष्टि के बाद उसे लेबल वन हास्पिटल भेजा गया है।
इसके बावजूद नगर में दोनों पटरियों की दुकानों का खुलना कोरोना संक्रमण को खुलेआम आमंत्रण दे रहा है। इसे न तो तहसील प्रशासन गंभीरता से ले रहा है और न ही कस्बा पुलिस। कोरोना प्रोटोकाल का अनुपालन कराने वाली पुलिस ही नियमों को दर किनार कर रही है। वहीं इस संबंध में उप जिलाधिकारी भिनगा प्रवेंद्र कुमार ने बताया कि संक्रमित मिले युवक के घर से 100 मीटर की परिधि में बैरिकेडिंग कराई जा रही है। रही बात भिनगा नगर की दोनों पटरियों पर दुकान खोलने की तो इसकी रिपोर्ट एडीएम को भेजी जा चुकी है।