श्रावस्ती। शिक्षकों की कमी से जूझ रहे माध्यमिक विद्यालयों को सात नए शिक्षक मिले। बुधवार को एनआईसी में आयोजित मुख्यमंत्री के वर्चुअल कार्यक्रम के दौरान डीएम सीडीओ व श्रावस्ती विधायक द्वारा नवनियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। नियुक्ति पत्र पाकर शिक्षकों के चेहरे खिल उठे।
जिले के सात नवनियुक्त शिक्षकों के लिए बुधवार का दिन अविस्मरणीय रहा। जब उन्हें कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी में बुलाया गया। जहां आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के लिए लोक सेवा आयोग उत्तर प्रदेश प्रयागराज से पूरे प्रदेश में 436 नव चयनित प्रवक्ताओं व सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इस दौरान एनआसी में मौजूद जिलाधिकारी टीके शिबु, मुख्य विकास अधिकारी ईशान प्रताप सिंह व श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडे ने जिले में नियुक्त सात सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया।
इस दौरान विधायक ने कहा कि पूरे प्रदेश में पारदर्शी तरीके से सहायक अध्यापकों की नियुक्ति हुई है। नव चयनित शिक्षकों की नियुक्ति से पठन-पाठन का बेहतर माहौल बनेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि बेहतर आचरण और कृतित्व से अपने व्यक्तित्व को चमकाएं। अपनी क्षमता को पहचानें, अकेला शिक्षक समाज में व्यापक परिवर्तन कर सकता है। सीडीओ ने कहा कि सीखने की कोई सीमा नहीं होती, प्रत्येक गतिविधि से कुछ न कुछ सीखने को मिलता है। छात्रों की जिज्ञासा के प्रति हर वक्त जागरूक रहें। छात्र-छात्राओं को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ संस्कारपरक शिक्षा देकर उनका सर्वांगीण विकास करें। इस मौके पर जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रपाल सहित सभी नव नियुक्त शिक्षक मौजूद रहे।