श्रावस्ती। जिले में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ता ही जा रहा है। गुरुवार को जारी की गई रिपोर्ट में सात लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई, जिन्हें होम क्वारंटीन किया गया है। वहीं एक व्यक्ति कोरोना को मात देकर स्वस्थ हो गया।
वैश्विक महामारी कोरोना का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को आई रिपोर्ट में सात लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इसमें हरिहरपुररानी के लालपुर महरी में तीन व्यक्तियों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। वहीं गिलौला आजार में एक, इकौना बाईपास में एक, सिरसिया के अहलाद नगर में एक व जुड़पनिया में एक युवक कोरोना संक्रमित मिला, जिन्हें होम क्वारंटीन किया गया है। इसके साथ ही इन क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन घोषित कर वहां लोगों को एहतियात बरतने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही इकौना के कल्यानपुर निवासी व्यक्ति कोरोना से स्वस्थ हो गया। उसे घर भेज दिया गया है। इस बारे में सीएमओ डॉ. एपी भार्गव ने कहा कि कोरोना से सावधानी बरत कर ही बचा जा सकता है। ऐसे में लोगों को चाहिए कि वह बगैर मास्क व गमछा बांधे घरों से बाहर न निकलें। एक-दूसरे से दो गज की दूरी बनाएं रखें। लोग भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें।