मदरसा सील करने के बाद नोटिस चिपकाते कर्मचारी। -संवाद
तुलसीपुर (श्रावस्ती)। जिले में बगैर मान्यता व सार्वजनिक भूमि पर संचालित मदरसों पर कार्रवाई जारी है। बृहस्पतिवार को टीम की ओर से जमुनहा तहसील क्षेत्र में सात मदरसों को सील किया गया। इसके साथ ही जिले में अब तक सील हुए मदरसों की संख्या 41 पहुंच चुकी है।
शासन के निर्देश पर नेपाल सीमा क्षेत्र में संचालित मदरसों की जांच लगातार जारी है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को नायब तहसीलदार जमुनहा विजय प्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में गिरंट पुलिस ने क्षेत्र के ग्राम रामपुर बस्ती के मजरा बस्ती पुरवा में कब्रिस्तान की भूमि पर स्थित मदरसा दारुल उलूम गौसिया फैजाने रजा को सील किया।
इसके बाद टीम ने रामपुर बस्ती के ही मजरा मंशापुरवा में ग्राम समाज की भूमि पर बना मदरसा गौसिया ताजुल उलूम, रामपुर बस्ती गांव में कब्रिस्तान की भूमि पर स्थित मदरसा गाजिया अनवारे रजा, नंगई में नवीन परती की भूमि पर बना मदरसा गौसिया फैजाने रजा शमशुल उलूम, बेगमपुर के हसनपुर में खलिहान की भूमि पर बना मदरसा गौसिया जियाउल कुरान, आलागांव में नवीन परती की भूमि पर बना मदरसा गुलशने मदीना, बनकटवा महोली में खलिहान की भूमि पर बना मदरसा गौसिया निशबाहुल उलूम को सील किया। जिले में अब तक कुल 41 मदरसों को सील किया जा चुका है।