जिला पंचायत कार्यालय के निकट स्थित मैदान में मेले के लिए सज कर तैयार पंडाल।
श्रावस्ती। प्रदेश सरकार के आठ साल पूरा होने पर मंगलवार से तीन दिवसीय सेवा, सुरक्षा व सुशासन मेले का आयोजन हो रहा है। जिला पंचायत कार्यालय के निकट स्थित मैदान में आयोजित इस मेले की शुरुआत अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष बेचन राम करेंगे। वहीं बुधवार को आयोजित कार्यक्रमों में मुख्य रूप से प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल व जिले के प्रभारी मंत्री मौजूद रहेंगे। यह जानकारी देते हुए डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि मेले से संबंधित सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं।
पहले दिन ये होंगे कार्यक्रम
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से होगी। इसे जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्र प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद वैष्णवी शुक्ला का ग्रुप गणेश वंदना, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय हरिहरपुर रानी की छात्राएं देश भक्ति गीत, सिरसिया की छात्राएं थारू लोकनृत्य, दोपहर में कृषि गोष्ठी व प्रगतिशील किसानों सम्मान का सम्मान किया जाएगा। वहीं फूलों की खेती करने वाले अंसारी बंधुओं की कार्यशाला, कृषि यंत्र का वितरण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, अक्षरा श्रीवास्तव देशभक्ति गीत, नवोदय के छात्र गुजराती नृत्य सहित अन्य कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी। इसके अलावा शाम को भजन संध्या कार्यक्रम आयोजित होगा।
बुधवार को राज्यपाल आएंगी
इस दिन पुलिस विभाग का सांस्कृतिक कार्यक्रम, फूलों की होली का आयोजन होगा, जबकि बृहस्पतिवार अंतिम दिन महिला सशक्तीकरण से संबंधित कार्यक्रम, आशा व एएनएम का सम्मान, मिशन शक्ति विषय पर कार्यकम, समूह की महिलाओं का सम्मान व चेक वितरण, सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। वहीं दोपहर बाद मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम, दिव्यांगों को उपकरण वितरण, स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न विद्यालयों के छात्रों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम व कवि सम्मेलन का आयोजन होगा।