श्रावस्ती। खेल विभाग की ओर से आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत स्पोर्ट्स स्टेडियम भिनगा में 23 से 26 तक विभिन्न् खेलों का जिलास्तरीय चयन ट्रायल आयोजित किया जाएगा।
जिला क्रीडाधिकारी शिवकुमार यादव ने बताया कि स्पोर्ट्स स्टेडियम भिनगा में 23 मार्च को जिलास्तरीय चयन ट्रायल दोपहर 12 बजे से आयोजित किया जाएगा। छात्रावासों में प्रवेश के इच्छुक खिलाड़ियों को खेल साथी पोर्टल या www.khelsathi.in पर लॉगिन कर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। पूर्ण रूप से आवेदन भरकर डैशबोर्ड पर ही निर्धारित शुल्क को ऑनलाइन खेल साथी पोर्टल के माध्यम से जमा करना होगा।
उन्होंने बताया कि 23 मार्च को बालक वर्ग तथा 24 मार्च को बालिका वर्ग का चयन किया जाएगा। इसमें जिम्नास्टिक, तैराकी, कुश्ती, हाॅकी, वालीबाल, बैडमिंटन व टेबल टेनिस शामिल हैं। इसी तरह से 25 मार्च को बालक तक 26 मार्च को बालिका वर्ग के लिए कबड्डी, बास्केटबाल, तीरन्दाजी, एथलेटिक्स व हैंडबाल का चयन ट्रायल आयोजित होगा।
वहीं बालक वर्ग के लिए 23 मार्च को फुटबॉल, 25 मार्च को क्रिकेट, बाक्सिंग व जूडो का चयन ट्रायल होगा। उन्होंने बताया कि छात्रावास में प्रवेश के लिए जिम्नास्टिक व तैराकी में अभ्यर्थी की आयु एक अप्रैल को 12 वर्ष से कम तथा अन्य खेलों में 15 वर्ष से कम होनी चाहिए।
साथ ही खिलाड़ी को विद्यालय की ओर से जारी जन्मतिथि प्रमाणपत्र जो बीएसए व डीआईओएस की ओर से प्रतिहस्ताक्षरित हो तथा आधार कार्ड लाना आवश्यक है। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी विकास कुमार गिरी के मोबाइल नंबर 9651385722 पर संपर्क कर सकते हैं।