दो पहिया व चौपहिया वाहनों की जांच करती पुलिस।
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। अपराधों की रोकथाम व अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए शुक्रवार को जिला पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। एसपी के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के दौरान स्थानीय पुलिस ने थाना क्षेत्र के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की जांच की। इसके साथ ही पुलिस ने तहसील व न्यायालय परिसर सहित बैंक व बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था जांची।
लखनऊ के जिला एवं सत्र न्यायालय में गुरुवार को हुई घटना के बाद श्रावस्ती पुलिस पूरी तरह अलर्ट हो गई है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अनूप सिंह के निर्देश पर जिला पुलिस ने पूरे जिले में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान एएसपी बीसी दुबे, सीओ भिनगा डॉ. जंग बहादुर यादव, सीओ तारकेश्वर पांडेय ने थाना व चौकी प्रभारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था जांची। भिनगा पुलिस ने दीवानी न्यायालय परिसर भिनगा सहित सदर तहसील व तहसील में स्थापित बंदी लॉकअप की सुरक्षा व्यवस्था देखी।
इस दौरान लाकअप व न्यायालय परिसर में तैनात पुलिस कर्मियों से आवश्यक जानकारी ली। इसके साथ ही न्यायालय परिसर में भ्रमणशील रहकर अनाधिकृत रूप से आने जाने वालों का प्रवेश रोकने का निर्देश दिया। वहीं पुलिस कर्मियों को लाकअप में बंद विचाराधीन बंदियों को बाहर से कोई सामान न लेने देने, परिवारीजनों को दूर से ही बात करवाने, खाने पीने आदि के सामानों की बिना जांच किए बंदियों तक न पहुंचने देने की सलाह दी। इसके साथ ही पुलिस कर्मियों ने बाजार व मुख्य मार्ग का भ्रमण कर पटरियों पर अनाधिकृत रूप से वाहन न खड़ा होे देने तथा अतिक्रमण को हटाने को कहा।
वहीं जिले के अन्य थाना क्षेत्रों के उपनिरीक्षकों ने तहसील सहित बैंकों में जाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस ने बैंक शाखाओं में सुरक्षा उपकरणों को देखा, साथ ही वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों को पूरी तरह मुस्तैद रहने को कहा। इस दौरान कस्बा सहित ग्रामीण क्षेत्र में बाइकर्स गैंग की ओर से की जाने वाली घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए दो पहिया व चौपहिया वाहनों की चेकिंग की। पुलिस ने क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले स्थानों, बाजार, माल, सर्राफा बाजार, बैंक, एटीएम, बस स्टैंड, सिनेमा हाल आदि पर संदिग्ध वाहनों की जांच की। इस दौरान 128 वाहनों का ई चालान कर 158600 रुपये शमन शुल्क वसूला। वहीं बिना नंबर प्लेट के चार दो पहिया वाहनों को सीज भी किया।