जगतजीत इंटर कॉलेज इकौना में सोमवार से पांच दिवसीय स्काउट गाइड के प्रथम व द्वितीय सोपान प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों को स्काउट गाइड के महत्व व उसके नियमों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रशिक्षण प्रभारी कामाछा प्रसाद पाठक ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्काउटिंग एंड गाइडिंग संस्था की ओर से विद्यार्थियों को समय-समय पर प्रशिक्षित किया जाता है। इससे विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। युवा लीडर स्काउट हनुमान प्रसाद ने कहा कि स्काउटिंग और गाइडिंग से बच्चों में स्वस्थ आदतों का निर्माण करना है। शिविर के दौरान प्रतिदिन नई शिक्षा प्रदान की जाएगी। इस दौरान काफी संख्या में स्काउट गाइड मौजूद रहे।