कलेक्ट्रेट में एडीएम को ज्ञापन सौंपते पंचायत सहायक। - संवाद
श्रावस्ती। पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन के बैनर तले सोमवार को सैकड़ों पंचायत सहायक कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने एडीएम न्यायिक अशोक कुमार को पांच सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन ने मानदेय बढ़ाने की मांग की। जिलाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि पंचायत सहायक डिजिटल, प्रशासनिक व जनहित के सभी कार्य करते हैं।
उन्हें मात्र 6000 रुपये मानदेय मिलता है, जिससे गुजारा मुश्किल है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मानदेय 30,000 रुपये करने की अपील की। उपमहामंत्री सुफीना खातून ने अनुबंध प्रणाली समाप्त करने, सेवा नियमावली बनाने और 50 फीसदी आरक्षण सहित अन्य मांगें रखीं। इस दौरान जिला महामंत्री सरिता वर्मा, सूरज वर्मा, तिलकराम, रामेश्वर प्रताप सिंह, अवधेश यादव, हिमांशु वर्मा आदि मौजूद रहे।