श्रावस्ती। माध्यमिक विद्यालयों में शुक्रवार को छात्रवृत्ति योजना के तहत प्रमाणपत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान लखनऊ में आयोजित प्रमाणपत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री के संबोधन का भी सजीव प्रसारण किया गया।
इकौना के जगतजीत इंटर कॉलेज में शुक्रवार को जिलास्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिले में अब तक 5915 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति से लाभान्वित किया जा चुका है। इनमें कक्षा नौ व 10 के सामान्य वर्ग के 1095, अनुसूचित वर्ग के 903, अल्पसंख्यक वर्ग के 380, अन्य पिछड़ा वर्ग के 2394 तथा कक्षा 11 व 12 के सामान्य वर्ग के 254, अनुसूचित वर्ग के 181, अल्पसंख्यक वर्ग के 243 व अन्य पिछड़ा वर्ग के 465 विद्यार्थी शामिल हैं।
इस दौरान लाभान्वित छात्रों को प्रमाणपत्र का वितरण किया गया। जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. अमरनाथ यति ने कहा कि छात्रों व अभिभावकों को चाहिए कि छात्रवृत्ति की रकम का उपयोग पढ़ाई के लिए करें। इस दौरान जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी देवेंद्र राम व प्रधानाचार्य रामबिहारी बाजपेयी ने भी छात्रों को संबोधित किया। इस मौके पर अन्य अधिकारी व छात्र मौजूद रहे।