गिलौला (श्रावस्ती)। गुटुहरू के निकट मुख्य सरयू नहर में रविवार को डूब रहे युवक को सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाहर निकाला। जिसे पीआरवी से सीएचसी गिलौला ले जाया गया। परिवारीजनों के अनुसार पटखौली गांव के मजरा रेहार पुरवा निवासी युवक की किसी ने रास्ते में पिटाई कर उसे नहर में फेंक दिया था। युवक की हालत सामान्य होने पर उसे परिवारीजनों को सौंप दिया गया।
गिलौला थाना क्षेत्र के ग्राम गुटुहुरू निवासी कुछ ग्रामीण रविवार को मुख्य सरयू नहर के किनारे टहलने गए थे। जहां नहर में उन्हें एक युवक डूबता दिखा। जिसकी सूचना ग्रामीणों ने यूपी 112 पर दी। सूचना पर पहुंची 112 पीआरवी पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से नहर में डूब रहे युवक को बाहर निकाला। उसकी पहचान इकौना के ग्राम पटखौली निवासी ननके पुत्र इब्राहीम के रूप में हुई।
सूचना के काफी देर तक एंबुलेंस के न पहुंचने पर आरक्षी स्वामी नाथ मौर्य, राजू गुप्ता व हरीक यादव पीआरवी से ही युवक को सीएचसी गिलौला ले गए। इसके साथ ही सूचना युवक के परिवारीजनों को दी। इलाज के बाद हालत सामान्य होने के कारण बाद में युवक को उसके पिता के साथ घर भेज दिया गया।
युवक के शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए। मामले में युवक के पिता इब्राहिम ने पुलिस को तहरीर दी है। इसमें उसने कहा है कि उसका पुत्र ननके मुंबई में रह कर मेहनत मजदूरी करता था। लॉकडाउन के दौरान घर आने के बाद वह कुछ परेशान था। शनिवार शाम ननके गिलौला क्षेत्र के भौसवां गांव रिश्तेदारी में गया था। इस दौरान किसी ने उसकी पिटाई कर उसे नहर में फेंक दिया। इस बारे में गिलौला थाना प्रभारी बृजेश कुमार दूबे ने कहा कि उन्हें ऐसी कोई जानकारी नहीं है।