एकता पदयात्रा में शामिल जनप्रतिनिधि व अन्य। - संवाद
कटरा/वीरपुर। इकौना में बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में एकता पदयात्रा निकाली गई। कार्यकर्ताओं ने बुलडोजर पर सवार होकर नारेबाजी की, स्कूली छात्र-छात्राओं पर पुष्पवर्षा भी की।
इकौना में जगतजीत इंटर कॉलेज से बृहस्पतिवार को विधानसभा क्षेत्र स्तरीय सरदार पटेल एकता पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा इकौना तहसील, इकौना बाजार होते हुए इकौना देहात स्थित विधायक आवास पर पहुंचकर जनसभा में तब्दील हो गई।
जनसबा में जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। मुख्य अतिथि भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा ने कहा कि सरदार पटेल ने अपने लौहपुरुष की उपाधि को सार्थक करते हुए बिखरी रियासतों को एक सूत्र में पिरोया और अखंड भारत की नींव रखी। आज हमारा देश हर दृष्टि से एकजुट होकर सरदार वल्लभ भाई पटेल के सपने को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
विधायक राम फेरन पांडेय ने कहा कि कांग्रेस सरकार की ओर से सरदार पटेल के अतुलनीय योगदान और संघर्ष को सदा उपेक्षित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सरकार आई तो नर्मदा नदी पर सरदार पटेल के नाम से डैम भी बना, स्टेच्यू ऑफ यूनिटी नाम से सरदार पटेल की सबसे ऊंची प्रतिमा भी स्थापित हुई।
जिलाध्यक्ष डॉ. मिश्रीलाल वर्मा ने कहा कि सरदार पटेल के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने के लिए प्रधानमंत्री के नेतृत्व में प्रत्येक वर्ष 31 अक्तूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाता है। इस मौके पर शंकर दयाल पांडेय, संजय कैराती पटेल, महेश मिश्रा, आशुतोष पांडेय, पुरुषोत्तम कौशल, दिवाकर शुक्ला, अजय वर्मा, पूजा, संजू तिवारी व नेकराम सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।