श्रावस्ती के कस्तूरबा विद्यालय हरिहरपुररानी में छात्रा संजना को एक दिन का वरिष्ठ कोषाधिकारी बनाया गया। मिशन शक्ति के तहत उसे कोषागार और बैंक के कार्यों की जानकारी दी गई। छात्राओं में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।
श्रावस्ती। कस्तूरबा विद्यालय हरिहरपुररानी की प्रतिभावन छात्रा संजना को बृहस्पतिवार को एक दिन का वरिष्ठ कोषाधिकारी बनाया गया। उसने कोषागार में होने वाले कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान छात्राओं को इंडियन बैंक की शाखा का भी भ्रमण कराया गया।
विज्ञापन
मिशन शक्ति फेज-5 के तहत महिलाओं व बालिकाओं को उनके अधिकार व योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में कस्तूरबा विद्यालय हरिहरपुररानी की छात्रा संजना को एक दिन का वरिष्ठ कोषाधिकारी बनाया गया। वरिष्ठ कोषाधिकारी विनीत कुमार यादव ने संजना को वरिष्ठ कोषाधिकारी के कार्यों की जानकारी दी।
उन्होंने बिल प्रस्तुतीकरण व बिल पारण की प्रक्रिया, विभागों व कोषागार के मध्य कार्य प्रक्रिया की जानकारी दी। बताया कि कोषागार से कर्मचारियों व अधिकारियों के वेतन का भुगतान किया जाता है साथ ही योजनाओं से संबंधित खर्चों का भुगतान भी कोषागार से ही किया जाता है।
विज्ञापन
इसके बाद छात्राओं को विकास भवन स्थित इंडियन बैंक की शाखा का भ्रमण कराया गया। बैंक कर्मियों ने छात्राओं को बैंक में होने वाले कामकाज की जानकारी दी। इस मौके पर बीईओ सतीश कुमार, जिला समन्वयक बालिका शिक्षा नीलम, प्रधानाचार्या कैशरजहां, सहायक कोषाधिकारी विजय रस्तोगी, प्रवीण कुमार, महेश गुप्ता व धर्मेंद्र सिंह मौजूद रहे।